प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां हीराबेन को लेकर बनाए गए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के वीडियो के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है. दिल्ली पुलिस ने शनिवार (13 सितंबर, 2025) को बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बुधवार (10 सितंबर, 2025) को एआई/डीपफेक वीडियो शेयर करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है.
एफआईआर में ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां की छवि खराब करना और बदनाम करने- कानून, नैतिकता और महिलाओं की गरिमा का घोर उल्लंघन’ करने के मामले में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 18(2), 336(3), 336(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने ये एफआईआर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की दिल्ली इकाई के चुनाव सेल के संयोजक संकेत गुप्ता की ओर से कांग्रेस के खिलाफ की गई शिकायत के आधार पर दर्ज की है. संकेत गुप्ता ने दिल्ली पुलिस के नॉर्थ एवेन्यू थाने में एफआईआर दर्ज कराई है.
बीजेपी नेता ने एफआईआर में क्या लगाए आरोप?
भाजपा नेता संकेत गुप्ता ने कहा, ‘इस एआई जेनरेटेड वीडियो में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया है. यह वीडियो न सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की छवि को ठेस पहुंचाने के लिए बनाया गया, बल्कि यह महिलाओं की गरिमा और मातृत्व का भी घोर अपमान है.’
BJP ने इसे राजनीति की सीमा से बाहर जाकर उनके व्यक्तिगत जीवन और उनके परिवार पर हमला करार दिया है.
FIR में बिहार के दरभंगा की घटना का भी किया जिक्र
शिकायतकर्ता भाजपा नेता संकेत गुप्ता ने दर्ज कराए गए एफआईआर में बिहार के दरभंगा जिले में हुई घटना का भी जिक्र किया है. भाजपा नेता ने कहा, ‘27-28 अगस्त, 2025 को बिहार के दरभंगा जिले में आयोजित कांग्रेस और राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां को लेकर अभद्र टिप्पणियां की गई थीं.’ उन्होंने कहा, ‘यह पूरी घटना कांग्रेस की ओर से सुनियोजित की गई थी. यह चुनावी माहौल को प्रभावित करने की उद्देश्य के तहत की गई कोशिश थी.’
यह भी पढ़ेंः मणिपुर हिंसा के पीड़ितों से मिले पीएम मोदी, दर्द सुन छलके आंसू, कहा- ‘विकास के लिए शांति जरूरी’
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.