हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाल ही शिक्षा से जुड़े क्षेत्र में एक अहम फैलसा लिया है. सरकार ने अगले शैक्षणिक सत्र से राज्य के 100 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में सीबीएसई (CBSE) पाठ्यक्रम लागू करने की घोषणा कर दी है.
यह योजना प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक सरकारी स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से जोड़ने पर केंद्रित है. सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य छात्रों को बेहतर गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है.
सीबीएसई पाठ्यक्रम से क्या होंगे बदलाव?
अधिकारियों के अनुसार यह पहल केवल छात्रों को नहीं, बल्कि शिक्षकों को भी आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के मानकों से जोड़ने का मौका देगी. सीबीएसई पाठ्यक्रम के अंतर्गत कक्षा 10वीं और 12वीं के बाद राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में प्रतिस्पर्धा आसान होगी.
उच्च शिक्षा और पेशेवर करियर के लिए नए रास्ते खुलेंगे और शिक्षक भी नई पाठ्यचर्या व प्रशिक्षण के माध्यम से अपने कौशल को निखार सकेंगे. सरकार का मानना है कि इससे हिमाचल के युवाओं की शैक्षणिक प्रतिस्पर्धात्मकता मजबूत होगी और उन्हें समय के साथ बदलती चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलेगी.
21वीं सदी की चुनौतियों के लिए तैयारी- सरकार
हिमाचल सरकार का यह कदम राज्य की शिक्षा व्यवस्था को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम माना जा रहा है. छात्रों में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, उनकी क्षमताएं विकसित होंगी और वे 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने के लिए अधिक तैयार होंगे. शिक्षा विभाग का मानना है कि यह बदलाव ग्रामीण और शहरी छात्रों के बीच की खाई को कम करेगा और हिमाचल की शिक्षा प्रणाली को नई ऊंचाई तक पहुंचाएगा. आने वाले सालों में इस योजना के विस्तार से हिमाचल प्रदेश को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की उम्मीद जताई जा रही है.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.