मिथुन मन्हास भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अगले अध्यक्ष बन सकते हैं. शनिवार, 20 सितंबर को दिल्ली में बीसीसीआई अधिकारियों की मीटिंग के बाद ये खबर सामने आई है कि उन्हें किसी तरह की कोई चुनौती नहीं मिलेगी. बता दें कि अध्यक्ष पद का चुनाव 28 सितंबर को होने वाली एनुअल जनरल मीटिंग (BCCI AGM) में होगा.
45 साल के मिथुन मन्हास ने लम्बे समय तक दिल्ली के लिए घरेलू क्रिकेट खेला. आजतक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि मन्हास को किसी तरह की कोई चुनौती नहीं मिलेगी, वह निर्विरोध बीसीसीआई अध्यक्ष चुने जाएंगे. वह 28 सितंबर को होने वाली एजीएम में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट संघ की ओर से प्रतिनिधि के तौर पर शामिल होंगे. कर्नाटक से पूर्व स्पिनर रघुराम भट्ट और पंजाब से हरभजन सिंह हिस्सा लेंगे.
राजीव शुक्ला फिर बनेंगे उपाध्यक्ष
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया के अपने पद पर बने रहने की संभावना है. वहीं माना जा रहा है कि राजीव शुक्ला अपने पद (बीसीसीआई उपाध्यक्ष) पर बने रहेंगे. राजीव शुक्ला ने रोजर बिन्नी का कार्यकाल खत्म होने के बाद अंतिरम अध्यक्ष के तौर पर काम किया था. बता दें कि रोजर बिन्नी की उम्र 70 साल हो गई, जिसके कारण उन्हें अपना बीसीसीआई अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ा था.
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल भी अपने पद पर बने रहेंगे वहीं कोषाध्यक्ष प्रभतेज भाटिया का प्रमोशन होना तय माना जा रहा है, वह संयुक्त सचिव बनेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष रघुराम भट्ट को बनाया जा सकता है.
मिथुन मन्हास का क्रिकेट करियर
मिथुन भारत के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उन्होंने खूब नाम कमाया. उन्होंने 157 फर्स्ट क्लास मैचों में 9714 रन और 40 विकेट लिए. इसके आलावा 130 लिस्ट ‘ए’ मैचों में उनके नाम 4126 रन और 25 विकेट हैं. मिथुन ने 91 टी20 मैच खेले हैं, जिसमें 1170 रन बनाए और 5 विकेट लिए.
मन्हास 2018 में दिल्ली रणजी टीम के मुख्य कोच बनाए गए थे. इसके बाद वह आईपीएल में पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस की कोचिंग टीम का हिस्सा बने.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.