भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार, 28 सितंबर को 2025 एशिया कप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के पास एक खूंखार ‘शतक’ पूरा करने का मौका है. हार्दिक अगर पाकिस्तान के खिलाफ दो विकेट ले लेते हैं तो वह टी20 इंटरनेशनल में 100 विकेट पूरे कर लेंगे. अभी हार्दिक के टी20 आई में 98 विकेट हैं.
अगर हार्दिक पांड्या पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 2 विकेट ले लेते हैं, तो वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे. फिलहाल, टी20 क्रिकेट में ‘विकेटों के शतक’ का रिकॉर्ड सिर्फ एक ही भारतीय गेंदबाज के नाम है. अर्शदीप सिंह ने साल 2022 से अब तक 65 मुकाबलों में 18.76 की औसत के साथ 101 विकेट अपने नाम किए हैं.
वैश्विक स्तर पर सर्वाधिक टी20 विकेट झटकने वाले गेंदबाजों की बात करें, तो राशिद खान इस लिस्ट में शीर्ष पर मौजूद हैं, जिन्होंने 103 मुकाबलों में 13.93 की औसत के साथ 173 विकेट चटकाए हैं.
हार्दिक पांड्या एशिया कप के इस संस्करण में 4 विकेट हासिल कर चुके हैं. हार्दिक पांड्या साल 2016 से अब तक भारत के लिए 120 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 26.58 की औसत के साथ 98 विकेट हासिल किए हैं. इस दौरान पांड्या ने 3 बार पारी में 4 या इससे अधिक विकेट चटकाए हैं.
भारतीय टीम एशिया कप 2025 में लगातार 6 मुकाबले जीतकर फाइनल खेलने उतरेगी. वहीं, पाकिस्तानी टीम ने अब तक जिन 2 मुकाबलों को गंवाया, वो दोनों ही मैच भारत के खिलाफ खेले गए थे. 14 सितंबर को टीम इंडिया ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर पाकिस्तानी टीम को 7 विकेट से रौंदा था, जिसके बाद 21 सितंबर को टीम इंडिया ने पाकिस्तान के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दर्ज की.
अब दोनों देश 28 सितंबर को इसी मैदान पर फाइनल मैच में आमने-सामने होंगे. फैंस का मानना है कि फाइनल में भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी रहेगा. भारत-पाकिस्तान के बीच टी20 फॉर्मेट के एशिया कप में पहली बार फाइनल खेला जा रहा है.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.