22 अगस्त यानी शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में होंगे. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार (21 अगस्त, 2025) को पूरी जानकारी दी कि पीएम मोदी बिहार को क्या कुछ सौगात देने वाले हैं. सम्राट चौधरी ने कहा कि नरेंद्र मोदी शुक्रवार को गयाजी में बिहारवासियों को 12,992 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे. इन परियोजनाओं में धार्मिक पर्यटन को विशेष महत्व दिया गया है, जिससे राज्य की संस्कृति, विरासत और पर्यटन क्षमता को नई पहचान मिलेगी.
रेल कनेक्टिविटी में सुधार के तहत वैशाली से कोडरमा तक ‘बुद्ध सर्किट’ की ट्रेन सेवा शुरू होगी. यह वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, नटेश्वर, गया होते हुए कोडरमा तक चलेगी. इससे बौद्ध धर्म से जुड़ी कई महत्वपूर्ण धरोहरों को जोड़ने में मदद मिलेगी और पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी.
सिमरिया धाम तक होगा बेहतर संपर्क
उधर सिमरिया धाम तक बेहतर संपर्क के लिए 1.86 किलोमीटर लंबा 6 लेन पुल एनएच-31 पर 1,870 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है, जिसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे. यह पुल देश के प्रमुख तीर्थ स्थल सिमरिया धाम और राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि तक आसान पहुंच सुनिश्चित करेगा.
धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में मां जानकी मंदिर का पुनौरा धाम (सीतामढ़ी) में निर्माण भी महत्वपूर्ण पहल है, जिसका भूमिपूजन 67 एकड़ भूमि पर हुआ है. इसकी लागत लगभग 882 करोड़ रुपये है. इसके अलावा वैशाली में स्थित ‘बुद्ध सम्यक दर्शन संग्रहालय-सह-स्मृति स्तूप’ का लोकार्पण हो चुका है, जो पर्यटन को और बढ़ावा देगा.
सुल्तानगंज-देवघर रेल मार्ग की भी घोषणा
रेल सेवाओं में सुल्तानगंज-देवघर रेल मार्ग की भी घोषणा होने वाली है, जिससे श्रावणी मेले के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी. इस मार्ग पर अब तक ट्रेन सेवा नहीं थी. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने से बिहार की नई पहचान बनेगी और प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.