दिल्ली इस साल मॉनसून का कुछ अलग ही मिजाज देखने को मिल रहा है. अगस्त महीने के मध्य तक ही राजधानी में इस बार उतनी बारिश हो चुकी है, जितनी आमतौर पर पूरे साल में होती है. आंकड़े बताते हैं कि पिछले 25 वर्षों में अगस्त में इतनी अधिक वर्षा पहले नहीं दर्ज की गई थी. बावजूद इसके दिल्लीवासियों को चिपचिपी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी.
17 साल का उमस का रिकॉर्ड टूटा
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से 18 अगस्त तक दिल्ली में औसत आर्द्रता 76.5 प्रतिशत रही. यह 2008 के बाद दूसरा सबसे बड़ा स्तर है. सामान्य परिस्थितियों में मॉनसून के दौरान राजधानी की औसत आर्द्रता लगभग 67.2 प्रतिशत रहती है.
खास बात यह रही कि 14 से 18 अगस्त तक उमस ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और औसत आर्द्रता 89.2 प्रतिशत तक पहुंच गई, जो सामान्य से लगभग सवा गुना अधिक है.
जून और जुलाई बने मुख्य वजह
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार उमस बढ़ने की सबसे बड़ी वजह मॉनसून की शुरुआत के महीने जून और जुलाई रहे. जून में आर्द्रता 1973 के बाद तीसरे स्थान पर रही, जबकि जुलाई में यह दूसरे नंबर पर दर्ज की गई.
अगस्त के शुरुआती दिनों में स्थिति कुछ बेहतर रही, लेकिन 14 से 18 अगस्त के बीच अचानक नमी का स्तर इतना बढ़ा कि पिछले सभी रिकॉर्ड पीछे छूट गए.
बारिश और नमी का गहरा संबंध
जुलाई और अगस्त परंपरागत रूप से दिल्ली के सबसे अधिक बरसाती महीने माने जाते हैं. इस बार जुलाई में सिर्फ आठ और अगस्त में अब तक चार दिन ही ऐसे रहे जब बारिश नहीं हुई.
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि लगातार वर्षा से वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ी. जब बरसात तेज होती है, तो तापमान नीचे आता है, लेकिन हल्की या रुक-रुक कर होने वाली बारिश के बाद बची हुई नमी उमस को असहनीय बना देती है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर से आया नमी का प्रवाह
दिल्ली में भले ही जून में 19 दिन बारिश नहीं हुई थी, लेकिन दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मानसून के जल्दी सक्रिय हो जाने से वहां की नमी का प्रवाह दिल्ली की ओर बढ़ा.
मॉनसून आधिकारिक रूप से 29 जून को राजधानी पहुंचा और इसके बाद से लगातार बारिश ने शहर को भिगोए रखा. इस बीच नमी का स्तर लगातार ऊंचा बना रहा.
बृहस्पतिवार को भी जारी रही उमस
बीते गुरुवार को भी दिल्ली उमस भरी गर्मी से बेहाल रही. कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे राहत नहीं मिल सकी. अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक था, जबकि न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री रहा. हवा में नमी का स्तर दिन भर 64 से 89 प्रतिशत के बीच बना रहा.
आज भी हो रही बारिश
दिल्ली आज (शुक्रवार) भी बारिश हो रही है. इससे पहले मौसम विभाग ने अनुमान जताया था कि शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है.
वहीं न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 80 प्रतिशत रहा और पिछले 24 घंटे में 0.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 98 दर्ज किया गया, जो केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है. सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है.
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि राहत भरी ठंडक अभी दूर है और राजधानीवासियों को उमस भरे मौसम का सामना कुछ दिन और करना पड़ सकता है.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.