‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल होने के लिए मंगलवार (26 अगस्त, 2025) को तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी बिहार आए. उनके बिहार आने के बाद अब सियासी पारा चढ़ गया है. बीजेपी के नेता हमलावर हैं. उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, सम्राट चौधरी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत कई नेताओं ने आरजेडी-कांग्रेस पर हमला किया है.
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “कांग्रेस पार्टी बिहार को ऐसे ही गाली देती रहती है और रेवंत रेड्डी आज यहां आए हैं, बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी. प्रियंका गांधी बिहार आई हैं, उन्हें बताना चाहिए कि उनकी दादी ने कैसे बिहार को लूटा, उनके पिता ने कैसे आरक्षण का विरोध किया, उनकी दादी के पिता ने कैसे दलितों के आरक्षण का विरोध किया, उनकी मां ने कैसे बिहार के साथ अन्याय किया, जो राहुल गांधी घूम रहे हैं, उन्होंने लालू यादव के बिल को फाड़कर मुखिया बनने लायक भी नहीं छोड़ा.”
‘आरजेडी-कांग्रेस को अपने डीएनए का पता नहीं’
उधर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी के ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में शामिल होने पर कहा, “ये आरजेडी-कांग्रेस के लोगों को अपने डीएनए का पता नहीं है, न देश की संस्कृति का पता है. आज अखंड भारत का निर्माता बिहार है और बिहार के इतिहास के बिना देश का इतिहास अधूरा है. जिनके मन में बिहारियों के लिए ये भाव है वो अपनी संस्कृति और संस्कार से दूर जा चुके हैं. ये सब लोग हमेशा बिहारियों के अपमान की बात करते हैं…”
‘बिहार की जनता से माफी मांगें’
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से कहा कि वे अपनी ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को आमंत्रित करने के लिए बिहार की जनता से माफी मांगें. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता प्रधान ने यह टिप्पणी पार्टी की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में की.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.