उत्तराखंड के चमोली में एक बार फिर से बादल फटने की घटना सामने आई है. जिले की तहसील देवाल के मोपाटा गांव में बादल फटने से हाहाकार मच गया है. बादल फटने से मकान और गोशाला के मलबे में दबने की सूचना है. इस घटना में दो लोग लापता बताए जा रहे हैं.
बादल फटने के बाद इतनी तेजी से मलबा आया कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. गांव में चारों ओर मलबा और तबाही का मंजर दिखाई दे रहा है. साथ ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं.
चमोली में बादल फटने से तबाही
अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक़ इस हादसे में तारा सिंह नाम के शख्स और उनकी पत्नी के लापता होने की सूचना है. जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया है. उनके अलावा गांव के ही विक्रम सिंह और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है.
इस मलबे की चपेट में एक गोशाला के भी आने की सूचना है. इस मलबे में 15 से 20 मवेशियों के दबने की आशंका जताई जा रही है. हादसे के बाद चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल है.
सीएम धामी ने दिए तत्काल मदद के निर्देश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताया है और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं. सीएम धामी ने एक्स पर जानकारी दी- ‘जनपद रुद्रप्रयाग के तहसील बसुकेदार क्षेत्र के अंतर्गत बड़ेथ डुंगर तोक और जनपद चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने के कारण मलबा आने से कुछ परिवारों के फंसे होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है.
स्थानीय प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, इस संबंध में निरंतर अधिकारियों से संपर्क में हूं, आपदा सचिव और जिलाधिकारियों से बात कर बचाव कार्यों के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक निर्देश दिए हैं. बाबा केदार से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूँ.’
चमोली के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने हादसे की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि चमोली जिले के देवाल क्षेत्र में बादल फटने की घटना में दो लोग लापता हैं और कई जानवर दब गए हैं. पूरे जिले में भारी बारिश के कारण सड़कें बंद हैं. राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.