ग्रेटर नोएडा के निक्की हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर पीड़िता के परिजनों ने आज पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह से मुलाकात की. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.
वहीं बैठक के दौरान पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी. साथ ही यह भी आश्वासन दिया गया कि केस की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाएगी, ताकि न्याय की प्रक्रिया तेजी से पूरी हो सके और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिले.
जानकारी के अनुसार निक्की के पिता भिखारी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आश्वासन दिया है कि उनकी बेटी के साथ न्याय होगा और पुलिस की ओर से किसी भी स्तर पर कोताही नहीं बरती जाएगी. उन्होंने कहा कि परिवार को भरोसा है कि कोर्ट में तेजी से सुनवाई होने पर उन्हें न्याय अवश्य मिलेगा.
निक्की हत्याकांड अब केवल एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की संवेदनाओं से जुड़ा मामला बन चुका है. पुलिस की सक्रियता और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की प्रक्रिया निश्चित तौर पर पीड़ित परिवार के लिए न्याय की राह को आसान बनाएगी.
दोषियों को सख्त सजा दिलाना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता- पीड़ित परिवार
वहीं पीड़ित परिवार ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक दोषियों को कठोर सजा नहीं मिल जाती, वे अपनी लड़ाई जारी रखेंगे. उनका कहना है कि बेटी के साथ हुई क्रूरता को भुलाया नहीं जा सकता और दोषियों को सख्त सजा दिलाना ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है.
पूरे समाज के लिए एक मिसाल बनेगा यह केस
इस मुलाकात के बाद परिवार ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन और पुलिस की गंभीरता के चलते उन्हें जल्द न्याय मिलेगा. वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला पूरे समाज के लिए एक मिसाल बनेगा कि अपराध करने वाले कितने भी ताकतवर क्यों न हों, कानून के शिकंजे से बच नहीं सकते.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.