दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के हाई प्रोफाइल चुनाव में बीजेपी के सांसद राजीव प्रताप रूडी और पूर्व सांसद संजीव बालियान में टक्कर है. 13 राउंड के बाद 28 वोट से रूडी आगे हैं. इस चुनाव में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, स्मृति ईरानी, जया बच्चन और कंगना रनौत समेत अन्य दिग्गजों ने वोट डाले.
लुटियंस दिल्ली को कवर करने वाले पत्रकारों का कहना है कि रूडी को पार्टी के दिल्ली-लुटियंस खेमे का समर्थन मिला है, जबकि बलियान को यूपी-पश्चिमी खेमे का समर्थन मिला. जातीय समीकरण और क्षेत्रीय राजनीति ने इस चुनाव को दिलचस्प बना दिया.
क्या बोले राजीव प्रताप रूडी?
वोटिंग के बाद खुश दिख रहे राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि जब कांग्रेस नेता सोनिया, मल्लिकार्जुन खरगे के साथ आईं और हमारी पार्टी से अमित शाह और जेपी नड्डा आए, तो कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के चुनाव में लोकतंत्र की सच्ची भावना देखने को मिली. इसलिए सभी को बहुत-बहुत बधाई. अभी नतीजों का इंतजार है.
निशिकांत दुबे ने संजीव बालियान का किया समर्थन
वहीं संजीव बालियान का समर्थन कर रहे झारखंड के गोड्डा से बीजेपी के सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि इतिहास में पहली बार 1,250 में से लगभग 660 मतदाताओं ने वोट डाला. आप अंदाजा लगा सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री, सभी वोट डालने आए, मुझे विश्वास है कि संजीव बालियान इस क्लब के नए सचिव होंगे और इसके बाद क्लब का प्रबंधन बेहतर होगा.
कौन हैं राजीव प्रताप रूडी?
पेशे से पायलट राजीव प्रताप रूडी 1996 में पहली बार लोकसभा का चुनाव बिहार के छपरा सीट से बीजेपी के टिकट पर जीते थे. इसके बाद 1999 के चुनाव में उन्होंने बाजी मारी और 2004 तक सांसद रहे. 2001 में वो वाजपेयी सरकार में मंत्री बने. 2004 के लोकसभा चुनाव में उन्हें छपरा सीट से लालू यादव ने हराया. इसके बाद वो 2010 में राज्यसभा भेजे गए. 2014 में वो सारण सीट से लड़े और जीते. उन्होंने तब राबड़ी देवी को हराया था. जीत के बाद वो मोदी सरकार में मंत्री बने. वो अगस्त 2017 तक मंत्री रहे.
राजीव प्रताप रूडी ने 2019 और 2024 के चुनाव में भी सारण सीट से जीत दर्ज की. 2024 के चुनाव में उन्होंने लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य को मामूली अंतर से हराया था. रूडी को 471,752 वोट मिले थे. वहीं रोहिणी को 4,58,091 वोट मिले.
कौन हैं संजीव बालियान?
संजीव बालियान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बड़े जाट नेता माने जाते हैं. बालियान 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में मुजफ्फरनगर की सीट से जीते. हालांकि उन्हें 2024 के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा. वो मोदी कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.