पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित DRDO गेस्ट हाउस के मैनेजर महेंद्र प्रसाद की औपचारिक तौर पर गिरफ्तारी कर ली गई है. उसकी गिरफ्तारी ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के तहत की गई है. राजस्थान पुलिस की इंटेलीजेंस सीआईडी ने गिरफ्तारी की है. पुलिस ने जासूसी करने के आरोप में मैनेजर महेंद्र प्रसाद को 4 अगस्त को ही हिरासत में ले लिया था.
हिरासत में लेने के बाद पहले उससे जैसलमेर में ही पूछताछ की गई थी. इसके बाद उसे पूछताछ के लिए तीन दिन पहले राजधानी जयपुर लाया गया था. महेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी उसके पास से बरामद दोनों मोबाइल फोन के डाटा के आधार पर की गई है. मोबाइल फोन से यह साफ हो गया है कि वह पाकिस्तानी हैंडलर को भारतीय सेना के बारे में खुफिया जानकारियां मुहैया कराता था.
कौन है महेंद्र प्रसाद?
गिरफ्तार किया गया महेंद्र प्रसाद उत्तराखंड का रहने वाला है. वह पिछले कई सालों से जैसलमेर के DRDO गेस्ट हाउस में संविदा पर मैनेजर के तौर पर काम करता था. गेस्ट हाउस का मैनेजर होने के नाते सेना के अधिकारियों और वैज्ञानिकों से जल्द ही संपर्क स्थापित कर लेता था. वह पिछले कुछ दिनों से जांच एजेंसियों की रडार पर था.
आशंका इस बात की भी जताई जा रही है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उसने पाकिस्तान को भारतीय सेना के मूवमेंट के बारे में खुफिया जानकारी मुहैया कराई थी.
हालांकि जैसलमेर में हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी महेंद्र प्रसाद ने मीडिया के सामने खुद को बेगुनाह बताया था.
क्या जानकारी देता था महेंद्र प्रसाद?
मोबाइल फोन की फोरेंसिक टेक्निकल रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने औपचारिक तौर पर गिरफ्तारी की है. उसके पैसों के बदले पाकिस्तान के लिए जासूसी करने की बात सामने आ रही है. वह पिछले कई सालों से पाकिस्तानी हैंडलर के लिए काम करता था. DRDO गेस्ट हाउस में कौन वैज्ञानिक या सेना का अधिकारी आकर रुक रहा है, किससे मुलाकात कर रहा है और क्या बातें कर रहा है, यह जानकारी मोबाइल फोन और सोशल मीडिया एप के जरिए पाकिस्तान भेजता था.
पुलिस की स्पेशल सेल जल्द ही जासूस महेंद्र प्रसाद को जयपुर की सीजेएम कोर्ट में पेश कर सकती है. इंटेलिजेंस सीआईडी कोर्ट से इसकी रिमांड मांग सकती है. रिमांड पर लेकर गहराई से पूछताछ करने की कोशिश करेगी. यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इसके साथ जासूसी के काम में कुछ और लोग भी शामिल थे या नहीं.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.