पंजाब: पंजाब सरकार की तरफ से शुक्रवार (5 सितंबर) को जारी फ्लड बुलेटिन के मुताबिक, 23 जिलों के 1948 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं. 172323 लाख हेक्टेयर फसल बाढ़ में समाई हैं. 43 लोगों की मौत हो चुकी है और 3 लोग लापता हैं. राहत और बचाव कार्य जारी है.
यूपी-उत्तराखंड: 6 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं कहीं बारिश/चमक गरज के साथ बौछाड़ें पड़ने की संभावना है. कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है. आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. वहीं उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि जो 5702 करोड़ रुपए की धनराशि की मांग की गई है, वो पूरे राज्य में जो क्षति हुई है उसको लेकर की गई है. मुख्यमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की गई थी कि जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई की जाए. मुख्य सचिव के निर्देश में हमने 5,702 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया है. हमारी चारधाम यात्रा प्रभावित हुई है, गंगोत्री मार्ग लगभग एक महीने से बंद है, यमुनोत्री मार्ग बीच-बीच में बाधित होता रहता है.
दिल्ली: यमुना के जलस्तर में गिरावट हुई है लेकिन दिल्ली के कई इलाकों में पानी घुसा हुआ है. राहत और बचाव कार्य जारी है. दिल्ली में 6 सितंबर को गरज के साथ बारिश हो सकती है. राजधानी में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. 6 सितंबर से 11 सितंबर तक दिल्ली में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है. दिल्ली में यमुना के जलस्तर के खतरे के निशान से ऊपर बने रहने की वजह से पुरानी दिल्ली रेलवे ब्रिज से गुजरने वाली 35 रेलगाड़ियां आज रात 12 बजे से कल (6 सितंबर) शाम 4 बजे तक कैंसिल रहेगी और 35 रेलगाड़ियों को डायवर्ट किया गया है.
राजस्थान: मौसम विभाग के मुताबिक, 7 सितंबर तक राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी राजस्थान में 5-6 सितंबर और पश्चिमी राजस्थान में 7 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है.
गुजरात: गुजरात क्षेत्र में कुछ स्थानों पर 5-7 के दौरान और सौराष्ट्र और कच्छ में 6-7 सितंबर को अत्यंत भारी बारिश की संभावना है.
हरियाणा: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे निचले इलाकों में काफी पानी भरा हुआ है. काफी जगहों पर पानी भरा है. फसलों का नुकसान हुआ है. हमने किसानों के लिए एक पोर्टल खोला है, वे वहां रजिस्ट्रेशन करके अपना नुकसान दर्ज कर सकते हैं ताकि नुकसान की भरपाई की जा सके.
जम्मू-कश्मीर घाटी: जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने कहा कि जम्मू-कश्मीर राजमार्ग को 7 सितंबर की सुबह तक यातायात के लिए फिर से खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं. बेहतर मौसम के चलते कश्मीर घाटी में नदियों के जलस्तर में कमी आने से अधिकतर क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति में शुक्रवार को सुधार हुआ है. राहत और बचाव कार्य जारी है. अनंतनाग जिले के संगम और श्रीनगर के राम मुंशीबाग में झेलम नदी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है. घाटी के अन्य इलाकों में भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, लेकिन लगातार कम हो रहा है. झेलम नदी की सभी सहायक नदियाँ खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं और किसी भी हिस्से में टूट-फूट की सूचना नहीं मिली है. पूरे कश्मीर में शैक्षणिक संस्थान शुक्रवार को तीसरे दिन भी बंद रहे.
मध्य प्रदेश: अगले 24 घंटे के दौरान अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ, खरगोन, खंडवा और रतलाम जिले के कुछ इलाकों में मध्य स्तर का फ्लैश फ्लड का खतरा संभव है. भोपाल, ग्वालियर, सागर, छतरपुर, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, दमोह, सीहोर, भिंड, मुरैना, दतिया, अनुपपुर, शहडोल में कई जगहों पर 6 सितंबर को बारिश हो सकती है. राजगढ़, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, गुना, श्योपुरकलां जिलों में अधिकांश जगहों पर बारिश हो सकती है. खरगोन जिले के महेश्वर में नर्मदा नदी उफान पर चल रही है. औकारेश्वर बांध के 21 गेट से पानी छोड़े जाने के बाद अहिल्या घाट के फर्श तक पानी पहुंच गया है.
झारखंड: 6 और 7 सितंबर को राज्य में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभाना है. 10 और 11 सितंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. 5 से 9 सितंबर तक राज्य में कहीं कहीं पर गर्जन और तेजहवाओं के झोंकों के साथ वज्रपात की संभावना है.
महाराष्ट्र: पालघर, नासिक, नवी मुंबई में 6 सितंबर को भारी बारिश हो सकती है.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.