दिल्ली में अधिवेशन के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और एनडीए में सहयोगी डॉ. संजय निषाद के नाराजगी की अटकलें तेज है. वाराणसी पहुंचे डॉक्टर संजय निषाद ने अपनी नाराजगी के साथ-साथ एबीवीपी और सुभासपा के बीच छिड़े सियासी जंग को लेकर बयान दिया है. इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया है कि लोकतंत्र में वोट की ताकत होती है, इसलिए रानी के पेट से राजा ही पैदा नहीं होता.
एबीपी न्यूज़ से बातचीत के दौरान डॉ. संजय निषाद ने कहा कि नाराजगी की बात नहीं है, हमने अपनी बात रखी है. दरअसल भारतीय जनता पार्टी में कुछ लोग जो दूसरे दलों से आए हैं वो हमारे समाज को बढ़ता हुआ नहीं देख सकते. उनको लगता था कि यह जिस कार्य के लिए बने हैं उसी के लिए हैं. नोट के आधार पर हमारे समाज का वोट ले लेते थे लेकिन अब वोट पर बात होती है. हमारे समाज के लोगों के संवैधानिक अधिकार की बात होती है और दूसरे दलों से आए हुए ऐसे लोग प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की भी नीतियों को नहीं समझते हैं.
संजय निषाद ने कहा कि देश के समक्ष अब निषाद समाज की बात होती है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का महत्वपूर्ण योगदान है. वहीं डॉक्टर संजय निषाद ने यह भी कहा कि जिस प्रकार से कांशीराम जी ने दलितों के लिए संवैधानिक व्यवस्था तय कर दी, मुलायम सिंह यादव ने पिछड़ों के लिए अपना योगदान दिया ठीक उसी तरह हमारे द्वारा प्रयास है कि हम निषाद समाज के लिए संवैधानिक व्यवस्था तय करें. जिसके बाद उनका हक अधिकार कभी न छीना जा सके. आज दलित की जो ताकत है पिछड़े वर्ग की जो ताकत है हम सभी देख रहे हैं. इसलिए आरक्षण की बात करने वाला ही हमारे समाज का हितैषी है.
संजय निषाद ने खुद को बताया फिशरमैन के पॉलिटिकल गॉडफादर
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वॉशरमैन के पॉलिटिकल गॉडफादर कांशीराम हैं, मिल्कमैन के पॉलिटिकल गार्ड फादर मुलायम सिंह है तो हम भी फिशरमैन के पॉलिटिकल गॉडफादर के रूप में कार्य करना चाहते हैं, जिससे हमारा समाज आगे बढ़े. हमने अपने समाज को समझा दिया है कि वोट में ताकत होती है. राजवंश की तरह यहां रानी के पेट से राजा ही पैदा नहीं होता. इसलिए संविधान की बात करना हमारी प्राथमिकता है.
यहां तक आएं हैं तो बीजेपी मुख्यमंत्री भी बना देगी- संजय निषाद
एबीपी न्यूज़ के सवालों पर कि आपके समर्थक आपके मुख्यमंत्री बनने की बात करते हैं तो उनका कहना है कि यह निषाद समाज के लोगों की हमारे प्रति भावनाएं हैं और उनको लगता है कि यह व्यक्ति उनके हक और अधिकार की बात करता है. एक चाय वाले का बेटा प्रधानमंत्री बन सकता है एक पीठाधीश्वर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन सकते हैं तो भारतीय जनता पार्टी आने वाले समय में निषाद राज के वंशज को मुख्यमंत्री भी बना सकती है. जिस तरह से त्रेता युग में निषाद राज को भगवान राम ने गले लगाया उसी तरह से प्रधानमंत्री ने हमारा सम्मान किया.
लाठी चार्ज मामले पर कार्रवाई होनी चाहिए- संजय निषाद
मंत्री ओमप्रकाश राजभर के बयान के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के बीच सियासी तलवार खिंच चुकी है. इसको लेकर डॉक्टर संजय निषाद ने कहा कि इस मामले में उन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए जिन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज करने का आदेश दिया है. हमारे सहयोगी मंत्री ओमप्रकाश हमेशा फ्री शिक्षा और मुफ्त स्वास्थ्य इलाज की बात करते हैं और वर्तमान समय में इस विषय पर बात होना चाहिए की छात्रों पर लाठी चार्ज किसने किया.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.