मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में 7 सितंबर को एक दर्दनाक हादसा हो गया. सागर से भोपाल जा रही एक बस ने गाय को बचाने के प्रयास में अचानक मोड़ लिया और इस दौरान सड़क किनारे बैठी महिला व उसकी 12 दिन की बेटी को कुचल दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया और ग्रामीणों ने गुस्से में वाहन में तोड़फोड़ कर दी.
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रेखा बाई और उसकी बेटी देवी के रूप में हुई है. यह घटना जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर नकतारा गांव के एक पेट्रोल पंप के पास हुई. उस समय रेखा बाई अपनी नवजात बेटी के साथ घर के बाहर बैठी थीं. तभी सागर से भोपाल की ओर जा रही बस गाय को बचाने के लिए तेजी से मुड़ी और पास से गुजर रही मोटरसाइकिल से टकरा गई. इस दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया और उसने महिला व बच्ची को कुचल दिया.
हादसे के बाद अफरा-तफरी
बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार भी गिर पड़ा, लेकिन उसे केवल मामूली चोटें आईं. मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. देखते ही देखते ग्रामीण बड़ी संख्या में जुट गए और गुस्से में बस में तोड़फोड़ करने लगे. हालात बिगड़ते देख नकतारा चौकी और देवनगर पुलिस थाने से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और भीड़ को नियंत्रित किया. अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी बस चालक छोटू कुशवाहा, जो कि सागर का रहने वाला है, मौके से फरार हो गया.
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एफआईआर दर्ज की गई है. पीटीआई के रिपोर्ट्स के अनुसार, फरार आरोपी चालक की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी. अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है. वहीं, मृतका और उसकी बेटी के निधन से गांव में शोक का माहौल है.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.