एशिया कप टी-20 में 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को रद्द करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल की गई है. उर्वशी जैन, श्रेया रॉय, आयुषी द्विवेदी और जाह्नवी तोमर नाम की एलएलबी छात्राओं ने यह याचिका दाखिल की है. याचिकाकर्ताओं ने पहलगाम आतंकी हमले समेत दूसरी घटनाओं का हवाला देते हुए पाकिस्तान के साथ मैच को राष्ट्रीय भावनाओं का मजाक बताया है.
क्या कहा गया है याचिका में?
याचिका में कहा गया है कि यह मैच “राष्ट्रीय हितों और सशस्त्र बलों के मनोबल को नुकसान पहुंचाने वाला है. 22 अप्रैल 2025 को जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में दर्जनों लोग मारे गए. फरवरी और मई 2025 के बीच पाकिस्तानी सेना ने कई बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया. ऐसे में इस मैच से यह गलत संदेश जाता है कि भारत उस देश के साथ क्रिकेट खेल रहा है जो आतंकवादियों को शरण देता है.
राष्ट्रीय गरिमा और सुरक्षा पैसे कमाने से ज्यादा अहम- याचिकार्ता
याचिकाकर्ताओं ने यह भी कहा है कि राष्ट्रीय गरिमा और सुरक्षा पैसे कमाने से ज़्यादा महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने मांग की है कि कोर्ट यूनाइटेड अरब अमीरात में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को रोकने का आदेश दे. साथ ही, युवा मामले और खेल मंत्रालय को राष्ट्रीय खेल प्रशासन अधिनियम, 2025 (National Sports Governance Act, 2025) को लागू करने का निर्देश दे. इस एक्ट के तहत क्रिकेट को राष्ट्रीय खेल महासंघ के दायरे में लाया जाए.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.