पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच रविवार को ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला खेला गया. पाकिस्तान ने इस मैच में धमाकेदार जीत दर्ज की. पाक की इस जीत के हीरो रहे स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज. नवाज की जादुई स्पिन के सामने अफगानिस्तान के बल्लेबाजों की एक न चली. नवाज ने हैट्रिक समेत कुल पांच विकेट झटके.
अफगानिस्तान के खिलाफ नवाज ने कमाल कर दिया. उन्होंने चार ओवर में एक मेडन के साथ सिर्फ 19 रन देकर 5 विकेट झटके. इस दौरान उन्होंने हैट्रिक भी. नवाज पाकिस्तान के लिए टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं. पाकिस्तान के लिए अब तक 3 पुरुष और दो महिला गेंदबाजों ने टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक ली है.
इन गेंदबाजों ने पाकिस्तान के लिए ली है हैट्रिक
नवाज से पहले पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम के सिर्फ दो गेंदबाज ही टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक लेने में कामयाब हुए थे. इसमें दिलचस्प बात यह है कि इसमें कोई बड़ा नाम नहीं है. नवाज से पहले 2019 में मोहम्मद हसनैन ने और 2017 में फहीम अशरफ ने टी20 इंटरनेशनल में हैट्रिक ली थी. हालांकि, पाकिस्तान के लिए दो महिला गेंदबाज भी टी20 इंटरनेशन में हैट्रिक ले चुकी हैं.
अफगानिस्तान के खिलाफ पाकिस्तान ने जीती हारी हुई बाजी
अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार को यूएई ट्राई सीरीज के फाइनल में पाकिस्तान ने हारी हुई बाजी जीती. अफगानिस्तान के गेंदबाजों ने खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को सिर्फ 141 रनों पर रोक दिया था. ऐसा लग रहा था कि अफगानिस्तान टीम आसानी से यह मैच जीत लेगी, लेकिन नवाज की जादुई स्पिन ने ऐसा नहीं होने दिया. नवाज ने पांच विकेट लेने से पहले बल्लेबाजी में भी कमाल किया. उन्होंने दो छक्कों की बदौलत 25 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली. नवाज के दमदार प्रदर्शन की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी मिला. नवाज के अलावा सुफियाम मुकीम और अबरार अहमद ने भी 2-2 विकेट लिए.
Source link
Discover more from Reelpedia
Subscribe to get the latest posts sent to your email.